दिव्यांग व्यक्तियों व बच्चों के लिए रेलवे बना रहा रियायत कार्ड

जोधपुर, 15 जून (हि.स.)। यात्रियों को बेहतर, सुलभ एवं समावेशी सेवाएं प्रदान करने के लिए संकल्पित जोधपुर रेल मंडल दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंडल रेल प्रबंधक, अनुराग त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के नेतृत्व में फऱवरी से मई-2026 (चार माह) में शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों एवं बच्चों के लिए कुल 830 रेलवे रियायत कार्ड ऑनलाइन बना कर जारी किए गए। शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति ऑनलाइन आवेदन कर रेलवे रियायत कार्ड के लिए आवेदन कर सकते है।

सीनियर डीसीएम ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कर सकते है। इसके लिए जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी किया चिकित्सा प्रमाण पत्र, फोटो, परिचय पत्र, पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत होगी।

वेरीफिकेशन के बाद डीआरएम ऑफिस से मिले रियायत कार्ड को रेलवे के सॉफ्टवेयर में अपडेट कर दिया जाएगा। इसके बाद जब भी दिव्यांग यात्री टिकट के लिए आवेदन करेगा, तो उसे अपने रेलवे रियायत कार्ड की फोटो कॉपी देनी होगी। जैसे ही रेलवे रियायत कार्ड की एंट्री सॉफ्टवेयर में की जाएगी उक्त यात्री की पूरी डिटेल मॉनिटर पर सामने आ जाएगी और उसी आधार पर कंसेशन टिकट बनाया जाएगा।

यही व्यवस्था ई टिकट पर भी रहेगी। ताकि रेल, यात्रा के लिए दिव्यांग यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न उठानी पड़े, दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रियायत कार्ड की सुविधा शुरू की है। जिससे किराये में छूट मिलेगी व रेलवे रियायत कार्ड बनने से उनको रेल यात्रा के दौरान परेशानी का सामना नही करना पढ़ेगा।

   

सम्बंधित खबर