राष्ट्रीय व्यापारिक सम्मेलन भारत मंडपम में सोमवार से, पीएम मोदी के 7 रणनीतिक कदमों पर होगा मंथन

-पीयूष गोयल भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) की वेबसाइट का कल करेंगे शुभारंभ

-राष्ट्रीय व्यापारिक सम्मेलन का सोमवार से आगाज, देशभर के 150 व्यापारी नेता लेंगे भाग

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स)। देशभर के प्रमुख व्यापारिक नेता दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारिक सम्मेलन के लिए सोमवार से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एकत्रित होंगे। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल ही में घोषित सात रणनीतिक आर्थिक कदमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

चांदनी चौक से सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने रविवार को बताया कि यह सम्मेलन पश्चिम एशिया में जारी संकट तथा बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा “भारतीय व्यापार महोत्सव” (बीवीएम) की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ होगा।

खंडेलवाल ने बताया कि ये भारतीय व्यापार महोत्सव, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन तथा कैट की संयुक्त पहल है, जिसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है, “वोकल फॉर लोकल - लोकल टू ग्लोबल” अभियान को गति देना तथा भारतीय उत्पादों के निर्यात को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाना है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों, व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 150 प्रमुख व्यापारिक नेता भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य व्यापार एवं उद्योग जगत के भीतर इन रणनीतिक कदमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक व्यापक रोडमैप को तैयार करना है, ताकि देश के व्यापारियों, एमएसएमई, निर्माताओं, स्टार्टअप्स एवं उद्योग जगत की भूमिका को एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं लचीली भारतीय अर्थव्यवस्था के निर्माण में और अधिक मजबूत किया जा सके।

कैट महामंत्री ने कहा कि सम्मेलन में घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, लॉजिस्टिक लागत को कम करने, स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देने, निर्यात में वृद्धि करने, रेलवे एवं मल्टीमॉडल फ्रेट सिस्टम के अधिक उपयोग, डिजिटल व्यापार प्रणाली को प्रोत्साहन देने तथा आत्मनिर्भर भारत के विजन को गति देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल ही में घोषित 7 रणनीतिक कदमों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

खंडेलवाल ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में आयोजित हो रहा है जब भारत प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभर रहा है, तथा अपनी आर्थिक एवं रणनीतिक क्षमता को निरंतर मजबूत कर रहा है। यह पहल एमएसएमई, कारीगरों, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमियों एवं व्यापारियों के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर उत्पन्न करेगी।

--------------------

   

सम्बंधित खबर