नवीन कुमार ने संभाला किशनगंज डीएम का पदभार

किशनगंज, 22 जून (हि.स.)। बिहार सरकार के हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी नवीन कुमार ने सोमवार को किशनगंज के समाहर्ता-सह-जिलाधिकारी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया।

उनके कार्यभार संभालते ही जिला प्रशासन में नई ऊर्जा और विकास को लेकर नई उम्मीदों का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में इसे जिले के समग्र विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की प्रशासनिक, विकासात्मक और विधि-व्यवस्था संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने सभी विभागों को सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क निर्माण, कृषि और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। सीमावर्ती जिला होने के कारण कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर भी बल दिया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नवीन कुमार जल्द ही विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों का दौरा कर जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और समाधान की दिशा में पहल करेंगे। नए जिलाधिकारी के आगमन से जिलेवासियों में विकास, बेहतर प्रशासन और जनसेवा को लेकर नई उम्मीद जगी है।

जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि उनके नेतृत्व में किशनगंज विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित करेगा।

   

सम्बंधित खबर