नीट पेपर लीक : महाराष्ट्र के नासिक से प्रिंटिंग प्रेस संचालक गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 12, 2026
नासिक, 12 मई (हि.स.)। मेडिकल प्रवेश के लिए आयोजित नीट परीक्षा 2026 की प्रश्नपत्रिका लीक मामले में महाराष्ट्र के नासिक का कनेक्शन सामने आया है। इस मामले में नासिक स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस के संचालक की संलिप्तता उजागर हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह जानकारी नासिक पुलिस आयुक्तालय के क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त किरण चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त संदीप मिटके और परिमंडल दो के पुलिस उपायुक्त किशोर काले ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में दी।
पुलिस के अनुसार, 03 मई को देशभर में नीट परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन उससे पहले ही प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। इस घटना से देशभर के लाखों छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया है।
जांच में सामने आया है कि प्रश्नपत्र नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस में छापा गया था। इसके बाद इस प्रश्नपत्र के हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, बिहार और केरल जैसे राज्यों तक पहुंचने के संदिग्ध रास्ते भी उजागर हुए हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और और भी लोगों से पूछताछ की संभावना है।
इस घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष आकाश छाजेड ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाकर दोषियों को आजीवन कारावास की सजा देने की मांग की है। साथ ही इस मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की गई है।
छात्रों के भविष्य को प्रभावित करने वाली इस घटना से देशभर में गुस्सा और चिंता का माहौल है।
--------------------------

