नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर के बेटे जयवीर देउबा को आय से अधिक संपत्ति मामले में सात दिन के भीतर उपस्थित होने का नोटिस
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
काठमांडू, 07 जुलाई (हि.स.) नेपाल के मनी लॉन्ड्रिंग जांच विभाग ने नेपाली कांग्रेस के पूर्व सभापति और पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा के पुत्र जयवीर देउवा को सात दिन के भीतर विभाग में उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि आय से अधिक संपत्ति (मनी लॉन्ड्रिंग) संबंधी जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर स्पष्टीकरण और जानकारी प्राप्त करनी है। इसी उद्देश्य से जयवीर देउबा को नोटिस मिलने की तारीख से सात दिनों के भीतर विभाग के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। यह नोटिस देउवा परिवार के बुढानीलकण्ठ स्थित आवास पर चस्पा किया गया है।
इससे पहले विभाग पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा और उनकी पत्नी आरजू राणा देउवा को भी पूछताछ के लिए बुला चुका है। हालांकि, आरजू ने विभाग को सूचित किया है कि वे सावन माह के अंत तक विभाग में उपस्थित होकर आवश्यक जानकारी और स्पष्टीकरण देंगी।
---------------

