प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई इबारत : रेखा गुप्ता
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को नरेला के रामदेव चौक स्थित कम्फर्ट जोन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में भाग लिया।
यह विशेष सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व, सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश ने अंत्योदय और आत्मनिर्भरता की एक नई और स्वर्णिम इबारत लिखी है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आज भारत न केवल वैश्विक पटल पर बेहद मजबूत आर्थिक और कूटनीतिक शक्ति बनकर उभरा है, बल्कि देश के कोने-कोने में डिजिटल क्रांति, आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार और जनकल्याणकारी नीतियों का सीधा लाभ सीधे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
इस अवसर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया, नरेला से विधायक राजकारण खत्री मौजूद रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया, जिन्होंने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन स्तर को गरिमापूर्ण और सुगम बनाया है। उन्होंने बताया कि नरेला और बाहरी दिल्ली के विकास पर बात करते हुए उन्होंने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, औद्योगिक प्रगति और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर करने की प्रतिबद्धता जताई। मात्र सवा वर्ष में नरेला विधानसभा में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें सड़क, नाली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेला दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभाओं में से एक है और लंबे समय तक विकास से वंचित रही। वर्तमान सरकार इस स्थिति को बदलने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। क्षेत्र में 8 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 2 अटल कैंटीन, गांवों में सड़क निर्माण, बेहतर परिवहन सुविधाएं तथा अन्य बुनियादी ढांचे के विकास पर तेजी से काम हो रहा है। दिल्ली सरकार ने नरेला में एक विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 1,350 करोड़ रुपये की लागत से भूमि खरीदी है, जिससे गांव और देहात के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही, रिठाला–कुंडली वाया नरेला मेट्रो कॉरिडोर को स्वीकृति प्रदान करते हुए 5,000 करोड़ रुपये की राशि भी जारी कर दी गई है ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने नरेला क्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं जैसे बाईपास, फुटओवर ब्रिज, बालिका कॉलेज तथा अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद, विधायक, पार्षद और जिला संगठन के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के प्रत्येक विकास कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने वहां मौजूद सभी युवाओं, महिलाओं और कार्यकर्ताओं को विकसित भारत 2047 मिशन के तहत भारत को एक पूर्ण विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने का आह्वान किया।
---------------

