शादी के दो माह बाद ही नवविवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, सास-जेठानी समेत चार पर केस

सीवान, 12 मई (हि.स.)। सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के जामो मठिया गांव में पारिवारिक विवाद ने एक नवविवाहिता की जान ले ली। शादी के महज दो माह बाद 20 वर्षीय गुड़िया देवी की कथित तौर पर सास, जेठानी और देवरों द्वारा लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार जामो मठिया निवासी महेश राम की पत्नी गुड़िया देवी को सोमवार को घरेलू विवाद के दौरान गंभीर रूप से पीटा गया। आरोप है कि सास कुमरिया देवी, जेठानी बविता देवी तथा पति के दो भाइयों उमेश राम और अमित कुमार राम ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।

घटना की सूचना मिलने पर पति महेश राम घायल पत्नी को लेकर सदर अस्पताल सिवान पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान सोमवार की रात गुड़िया देवी ने दम तोड़ दिया।

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही जामो मठिया में मातमी सन्नाटा छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि गुड़िया देवी की शादी इसी वर्ष मार्च महीने में हुई थी। वह बड़हरिया थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी स्वर्गीय श्रीभगवान राम की पुत्री थी।

मृतका के पति महेश राम के बयान पर जामो बाजार थाना में कांड संख्या 129/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में मां कुमरिया देवी, भाई उमेश राम, अमित कुमार राम और भाभी बविता देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है।

थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर