राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर तकनीकी विकास के लिए एकजुट होने का मुख्यमंत्री का आह्वान
- DSS Admin
- May 11, 2026
गुवाहाटी, 11 मई, (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर देश के तकनीकी विकास और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि वर्ष 1998 में इसी दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत ने विश्व के सामने स्वयं को एक परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र के रूप में स्थापित किया था। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को “नवभारत का स्वप्नद्रष्टा” बताया।
उन्होंने कहा कि असम ने भी पिछले कुछ वर्षों में अभूतपूर्व तकनीकी प्रगति देखी है। मुख्यमंत्री ने जागीरोड में सेमीकंडक्टर परियोजना से लेकर विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा व्यवस्था तक विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास का उल्लेख किया।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य और देश के लोगों से तकनीकी विकास के हित में पुनः संकल्प लेने की अपील की।

