सिविल सोसाइटी ने एनएफ रेलवे के जीएम को रेल सुविधाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
- DSS Admin
- May 22, 2026
अररिया 22 मई(हि.स.)।
गलगलिया-अररिया नवनिर्मित रेल लाइन के विंडो इंस्पेक्शन के क्रम में अररिया कोर्ट पहुंचे एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक चेतन श्रीवास्तव से शुक्रवार को रेलवे संगठन से जुड़े अधिकारियों ने भेंटकर उन्हें रेल सुविधाओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा,इंडो-नेपाल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी, डीआरयूसीसी सदस्य राजा मिश्रा,रेल संघर्ष समिति के वरिष्ठ सदस्य पवन मिश्रा तथा स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य सुशील घोषाल ने एनएफ रेलवे के जीएम से मुलाकात की।
रेलवे संगठन से जुड़े अधिकारियों ने जीएम से जोगबनी-कटिहार रेलखंड पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने एवं उन्हें सुगम परिवहन उपलब्ध कराने हेतु सौंपे गए मांग पत्र में मुख्य रूप से जोगबनी कोलकाता त्रि-साप्ताहिक प्रतिदिन करने,जोगबनी में वाशिंग पिट लाइन निर्माण के कार्य में तेजी लाने,प्रस्तावित लक्ष्मीपुर फारबिसगंज रेल लाइन के निर्माण को शुरू किए जाने, जोगबनी से सिलीगुड़ी के बीच दो जोड़ी पैसेंजर्स ट्रेन चलाए जाने, रेलखंड पर मेमू ट्रेनों को चलाने एवं गुवाहाटी से दरभंगा के लिए त्रि-साप्ताहिक ट्रेन चलाने जैसी महत्वपूर्ण मांगे थी।
इससे पूर्व एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक चेतन श्रीवास्तव कटिहार डिवीजन के डीआरएम किरेंद्र नराह एवं एडीआरएम मनोज सिंह को बुके एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक ने प्रतिनिधि मंडल को बातचीत के क्रम में जानकारी देते हुए बताया कि जोगबनी कोलकाता साप्ताहिक ट्रेन को प्रतिदिन परिचालन किए जाने का प्रस्ताव पूर्व रेलवे के पास भेजा जा चुका है।
जोगबनी में वॉशिंग पिट लाइन के साथ-साथ कोचिंग कंपलेक्स भी बनेगा,जिससे वहां के आधारभूत संरचनाएं बढ़ जाएगी और नई ट्रेनों के चलने का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा। एनएफ रेलवे को जैसे ही दूसरा मेमू रैक मिलेगा वह जोगबनी कटिहार क्षेत्र में चलाया जाएगा। महाप्रबंधक ने प्रतिनिधि मंडल को कहा कि जोगबनी-कटिहार रेलखंड एनएफ रेलवे का एक महत्वपूर्ण रेलखंड है और यहां रेल सुविधाओं को बढ़ाने हेतु रेल प्रशासन काफी गंभीर है।

