सुपौल, 29 जून (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क हादसे का कारण बन गई। खजूरी-जदिया नेशनल हाईवे-327ई पर ठठेरा टोला के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, पिलुवहा पंचायत के लक्ष्मीनिया निवासी नीरज कुमार बाइक से खजूरी की ओर से जदिया आ रहे थे। वहीं पूर्णिया निवासी श्रवण कुमार जदिया से खजूरी की तरफ जा रहे थे। ठठेरा टोला के पास पहुंचते ही किसी कारण दोनों बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गईं और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पुलिस वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नीरज कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि श्रवण कुमार का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर थाना भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
इधर, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नेशनल हाईवे-327ई पर वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर नियमित वाहन जांच, गति नियंत्रण के उपाय और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

