ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
रायगढ़, 03 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तमनार पुलिस ने आमाघाट रोड पर ट्रक व ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर पत्थरबाजी, मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर ग्रामीणों की मदद से आरोपितों को पकड़ा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व लूटे गए मोबाइल बरामद किए।
जानकारी के अनुसार, 02 जून की रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच 18 वर्षीय चालक रोहित कुमार पासवान, जो ट्रक क्रमांक सीजी 10 आर 2370 चला रहे थे, आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहे थे जब कुछ युवकों ने अचानक ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से शीशा टूट गया और चालक के सिर में चोट आई। वाहन रोकने पर एक आरोपित केबिन में चढ़कर चालक की जेब से मोबाइल फोन (रियलमी) छीन कर भाग गया। घटना की रिपोर्ट थाना तमनार में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि देलारी निवासी रघुनाथ चौहान अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में ऐसी घटनाएँ अंजाम देता रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आज देलारी में रघुनाथ चौहान और उसके साथी शिव कुमार अघरिया को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें पीड़ित का रियलमी मोबाइल भी शामिल था। साथ ही रघुनाथ के पास से घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की गई। अन्य तीन आरोपिताें को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनसे संलिप्तता की पुष्टि हुई। पहचान परेड में पीड़ित ने सभी आरोपितों की शिनाख्त की। प्रारंभिक जांच में पांचों आरोपितों के मिलकर मारपीट व लूट की पुष्टि होने पर मामले से संबंधित धारा 309(6) बीएनएस को विलोपित कर धारा 310(2) बीएनएस (डकैती) दर्ज कर ली गई। मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------

