उत्तरी हवाओं से प्रदेश में सर्दी में इजाफा, 7 मार्च से फिर बढ़ेगा पारा
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

जयपुर, 5 मार्च (हि.स.)। बारिश और ओलावृष्टि के बाद प्रदेश में चल रही उत्तरी हवाओं के असर से सर्दी में इजाफा देखने को मिला है। प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के 18 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 4 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। गुरुवार को भी उत्तरी हवाएं चलने की संभावना है। वहीं प्रदेश के पांच शहरों का दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। 31.3 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 15.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। भीलवाड़ा के रात के पारे में सबसे ज्यादा 10 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा, वनस्थली, सीकर, चित्तौड़गढ़, पाली, बीकानेर, चूरू, नागौर, बारां, संगरिया, सिरोही, फतेहपुर, करौली, माउंट आबू, दौसा, लूणकरणसर और झुंझुनूं का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बाड़मेर, जैसलमेर, फलौदी, डूंगरपुर और जालौर का दिन का पारा 30 पार दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना नहीं है। अधिकांश भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। आगामी 24 घंटो के दौरान अधिकांश भागों में अपेक्षाकृत तेज उत्तरी हवाएं 20-25 किमी प्रतिघंटे प्रभावी होने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। 7-8 मार्च से पुनः तापमान में होगी बढ़ोतरी।
जयपुर में बुधवार को दिनभर मध्यम गति की हवाएं चली। इस दौरान कई जगहों पर धूलभरी आंधी भी चली। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हवाएं चलने से रात के पारे में 4 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इससे सुबह-शाम लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। जयपुर का दिन के तापमान स्थिर रहा तो वहीं रात के पारे में 4.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को भी जयपुर के पारे में और गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद पारे में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश