छह शहरों का रात का पारा पहुंचा 5 डिग्री से नीचे, फतेहपुर की रात सबसे सर्द
- Admin Admin
- Feb 06, 2025
जयपुर, 6 फ़रवरी (हि.स.)। बारिश के बाद चल रही उत्तरी हवाओं से प्रदेश के पारे में गिरावट आई है। प्रदेश के 6 शहरों का रात का पारा 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। 2.8 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। आगामी दिनों में पारे में और गिरावट आने की संभावना है। शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं शीतलहर चली।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 24 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर के अलावा माउंट आबू का 3.4, सीकर का 3.5, नागौर और लूणकरणसर का 3.8 एवं करौली का रात का पारा 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में 1 से 6 फरवरी के बीच औसत से 15 प्रतिशत बारिश कम दर्ज की गई। आगामी सप्ताह में दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फरवरी के दूसरे सप्ताह में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश की संभावना है। दूसरे व तीसरे सप्ताह में प्रदेश का तापमान औसत से एक से दो डिग्री ज्यादा दर्ज किए जाने की संभावना है।
हवाओं से गिरा जयपुर का पारा, नजर आया हल्का कोहरा
उत्तरी हवाओं के चलते जयपुर के पारे में गिरावट आई है। इससे लोगों को सुबह-शाम तेज सर्दी का अहसास हो रहा है। दिन में तेज धूप के चलते सर्दी का अहसास कम हो रहा है। जयपुर के आस-पास के ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्का कोहरा नजर आया। जयपुर के दिन के तापमान में 0.7 और रात के तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश



