गौरांग महाप्रभु जयंती महोत्सव के पर गोविंद देवजी मंदिर में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ रविवार को

जयपुर, 15 मार्च (हि.स.)। गौरांग महाप्रभु( चैतन्य महाप्रभु) का 539वें जन्म महामहोत्सव-2025 के उपलक्ष्य में रविवार को गोविंद देवजी मंदिर में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। गौरांग महाप्रभु का पूजन-अर्चन कर उनके निमित्त विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली यज्ञ संपन्न कराएगी।

ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि निशुल्क गायत्री महायज्ञ में कोई भी शामिल हो सकता है। किसी भी सामग्री लाने की आवश्यक्ता नहीं है। यज्ञ में समतामूलक समाज बनाने की कामना के साथ श्रद्धालु गायत्री महामंत्र से आहुतियां अर्पित करेंगे। महायज्ञ को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार से संबद्ध गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के विद्वानों की टोली संपन्न कराएंगी। फाल्गुन पूर्णिमा को श्रीमन् गौरांग महाप्रभु के जयंती महोत्सव का गोविंद देवजी मंदिर में शुभांरभ हुआ। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में श्रीमन् चैतन्य महाप्रभु प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य में पंचामृत अभिषेक किया गया। ठाकुर राधा गोविंद देवजी को नवीन पचरंगी लप्पा पोशाक धारण करवाकर फल और विभिन्न पक्का प्रसाद और ठंडाई का भोग लगाया गया। शाम को हरिनाम संकीर्तन किया गया। इससे पूर्व श्रीमन् चैतन्य महाप्रभु प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य में चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदरजजी मंदिर में षडभुज महाप्रभुजी का अभिषेक किया गया। शनिवार को तालकटोरा कॉलोनी में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। व्यासपीठ से चैतन्य सम्प्रदायाचार्य वेणुगोपाल गोस्वामी महाराज ने चैतन्य महाप्रभु की जीवनी पर प्रकाश डाला। कथा 21 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। श्री माध्व गौड़ेश्वर मंडल के राधा मोहन नानूवाला ने बताया कि अब दो माह तक विभिन्न मंदिरों में और वैष्णव जन के घरों में चैतन्य महाप्रभु जी 539 प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य हरिनाम संकीर्तन होगा

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर