राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले नोफल एक उम्मीद चेरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक गुरमीत सिंह

शिमला, 22 सितंबर (हि.स.)। समाजसेवी संस्था नोफल एक उम्मीद चेरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक गुरमीत सिंह ने राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस अवसर पर नोफल एक उम्मीद चेरिटेबल ट्रस्ट के महासचिव सुखदेव सिंह मान भी मौजूद रहे।

गुरमीत सिंह ने संस्था द्वारा चलाई जा रहे सामाजिक कार्यों का अवलोकन प्रस्तुत किया और भविष्य की पहलों के लिए अपना दृष्टिकोण सांझा किया। उन्होंने राष्ट्रपति को अवगत करवाया कि नोफल एक उम्मीद चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंदों व बेसहारों को मदद प्रदान की जाती है। संस्था ने गरीब बच्चों को गोद लिया है और उनकी पढ़ाई का सारा खर्चा वहन करता है। उन्होंने कहा कि संस्था का मकसद उन अनाथ बच्चों को शिक्षित कर अपने पैरों पर खड़ा करना है, जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि संस्था ने बीते वर्ष और इस वर्ष मानसून से आई आपदा में बेघर हुए लोगों को भी मदद पहुंचाई है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने संस्था के स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला, जिसके तहत जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता और आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से पीजीआई चंडीगढ़ और शिमला स्थित कैंसर अस्पताल के पास मरीजों व तीमारदारों को लंगर और निःशुल्क रहने की सुविधा दी जा रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरमीत सिंह और उनकी टीम की सामाजिक कार्यों व गरीबों-बेसहारों के उत्थान के लिए उनके अथक समर्पण के लिए सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर