वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज विधानसभा में छत्तीसगढ़ का 25वां बजट प्रस्तुत करेंगे
- Admin Admin
- Mar 03, 2025

रायपुर, 3 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की साय सरकार आज साेमवार काे अपना दूसरा बजट पेश करेगी।यह प्रदेश का 25वां बजट होगा। छत्तीसगढ़ के पूर्व आईएएस रहे वित्त मंत्री ओपी चौधरी बजट पेश करेँगे। वे रायपुर कलेक्टर से वीआरएस लेकर 2018 में राजनीति में कदम रखा था। इस समय वे वित्त के साथ आवास पर्यावरण, जीएसटी और पंजीयन विभागों का दायित्व संभाल रहे हैं। पिछला बजट एक लाख 47 हजार 446 करोड़ रुपये का था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी और 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने का संकल्प शामिल था। यह बजट एक लाख 60 हजार करोड़ से अधिक होने का अनुमान है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा है कि यह बजट पिछले साल के बजट का अगला कदम होगा। इससे पहले उन्होंने नौ फरवरी 2024 को अपना पहला बजट पेश किया था। छत्तीसगढ़ का पहला बजट 2001 में वित्त मंत्री रामचंद्र सिंहदेव ने पेश किया था।पहला बजट ने राजकुमार कॉलेज ग्राउंड में टेंट लगाकर पेश किया गया था।
भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद रमन सिंह को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाया गया था। इस दौरान अमर अग्रवाल को वित्त मंत्रालय मिला था।2006 में भाजपा के वित्त मंत्री अमर अग्रवाल, नकीराम कंवर समेत 12 विधायकों ने रमन सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। यह मामला दिल्ली केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंच गया था। इस विवाद के चलते तत्कालीन वित्त मंत्री अमर अग्रवार को अपनी कुर्सी भी गंवानी पड़ी थी।
2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहली बार गोबर से बने ब्रीफकेस से बजट पेश किया। जिस ब्रीफकेस से बजट पेश किया गया था उसे रायपुर के गोकुल धाम गौठान में गोबर से बनाया गया था। ब्रीफकेस को गोबर पाउडर, चूना पाउडर, मैदा लकड़ी और ग्वार गम से तैयार किया गया था।
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री चौधरी ने 9 फरवरी 2024 को ने ढोकरा शिल्प से बने ब्रीफकेस से जीवायएएन थीम पर पहली बार डिजिटल बजट पेश किया था। ओपी चौधरी जिस ब्रीफेक्स को लेकर बजट पेश करने पहुंचे थे वह ब्लैक कलर का था। ब्रीफकेस के फ्रंट पर आदिम जनजाति कला की प्रसिद्ध पहचान 'ढोकरा शिल्प' की झलक थी। वित्त मंत्री चौधरी ने 9 फरवरी 2024 को पहला पेपरलेस बजट सदन में प्रस्तुत किया था।
वित्त विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य बनने के बाद पहला बजट 5 हजार 700 करोड़ का पेश हुआ था।वर्ष 2001-02 में 7 हजार 294 करोड़ का बजट पेश हुआ था। इस बार का बजट 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये रहने की उम्मीद जानकारों ने जताई है। ऐसे में 25 साल में 5700 करोड़ से बढ़कर बजट का कुल साइज 1 लाख 60 हजार करोड़ पहुंचने वाला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा