नहर पुलिया का खुला डिवाइडर बना जानलेवा, कुरुद में पलटा ट्रक
- DSS Admin
- May 10, 2026
धमतरी, 10 मई (हि.स.)। धमतरी जिले के नपा कुरुद के मुख्य मार्ग स्थित नहर पुलिया के नीचे बना खुला डिवाइडर अब लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। शनिवार रात एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक हरेंद्र चौबे घायल हो गया, जिसके सिर पर चोट आई है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार एक ट्रक धमतरी की एक राइस मिल से रिजेक्शन कोढ़ा भरकर आरंग की ओर जा रहा था। स्थानीय रास्तों की जानकारी नहीं होने के कारण चालक गलती से कुरुद नगर की ओर मुड़ गया। सरोजनी चौक पहुंचने पर उसने आरंग जाने का रास्ता पूछा, जिसके बाद उसे वापस लौटने की सलाह दी गई। लौटते समय कारगिल चौक के आगे नहर पुल से उतरते ही ट्रक खुले डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। चालक ने बताया कि सामने से आ रहे भारी वाहन की तेज रोशनी के कारण डिवाइडर दिखाई नहीं दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले छह महीनों में यह चौथा बड़ा हादसा है। इससे पहले भी यहां कार, पिकअप, टाटा-एस सहित कई छोटे-बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। नागरिकों के अनुसार पहले यहां एक स्ट्रीट लाइट पोल लगाया गया था, लेकिन लगातार टक्कर लगने से वह क्षतिग्रस्त हो गया। पोल हटने के बाद से क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।
लोगों ने बताया कि, नहर पुलिया के आसपास घुमंतू मवेशियों का भी जमावड़ा लगा रहता है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा अब तक न तो नया स्ट्रीट पोल लगाया गया और न ही रेडियम रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं। हादसे के बाद ट्रक लगभग 12 घंटे तक सड़क पर ही पड़ा रहा, जिससे आवागमन प्रभावित होता रहा और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि डिवाइडर के दोनों छोर पर तत्काल रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाएं तथा नहर पुलिया के पास पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।

