ऑपरेशन मुस्कान: पुलिस ने बिछड़े 4 बच्चों और किशोरों को परिजनों से मिलाया

बांदा, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों से लापता हुए चार बच्चों एवं किशोरों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिला दिया। पुलिस अधीक्षक बांदा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली नगर, कमासिन, मटौंध और अतर्रा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अलग-अलग मामलों में गुम हुए बच्चों की खोजबीन कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों के सुपुर्द किया।

थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ज्योति नगर निवासी रामस्वरूप श्रीवास ने 18 जून को सूचना दी कि उनका 10 वर्षीय पुत्र घर से कहीं चला गया है और काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मंडी समिति प्रीत कुमार पांडेय ने टीम गठित कर आसपास पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने बच्चे को सेंट मैरी स्कूल के पास से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। कस्बा कमासिन की एक महिला ने सूचना दी कि उसका 4 वर्षीय पुत्र अचानक लापता हो गया है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल खोज निकाला।

मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ निवासी रमेश निषाद ने रात करीब 11 बजे सूचना दी कि उनका 16 वर्षीय पुत्र घर नहीं लौटा है। चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने पुलिस टीम के साथ संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और किशोर को पहड़िया भूरागढ़ क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।

अतर्रा कस्बे की निवासी निशू ने 19 जून को थाना अतर्रा में सूचना दी कि उनका 14 वर्षीय पुत्र पिता की डांट से नाराज होकर रात करीब दो बजे घर से चला गया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर तलाश की और किशोर को ग्राम पुनाहुर स्थित मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह नाराज होकर साइकिल से मंदिर पहुंच गया था। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते सभी बच्चों और किशोरों को सुरक्षित उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए बांदा पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और तत्परता की सराहना की तथा पुलिस टीम का आभार जताया।

अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि बच्चों को अकेले बाहर भेजते समय निगरानी रखें, उन्हें संभावित खतरों के प्रति जागरूक करें और यह समझाएं कि किसी भी समस्या, डर या नाराजगी की स्थिति में घर छोड़ने के बजाय अपने माता-पिता, परिजनों या विश्वसनीय लोगों से बात करें। साथ ही बच्चों को अपना नाम, पता और माता-पिता का मोबाइल नंबर याद रखने की आदत डालें तथा उनकी गतिविधियों और मित्र मंडली पर भी नजर रखें।

---------------

   

सम्बंधित खबर