अल्मोड़ा में वृद्ध महिला का बेड पर मिला शव, गले का गहना गायब

अल्माेड़ा, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले लमगड़ा थाना क्षेत्र के सांगड़ साहु गांव में 60 वर्षीय गंगा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी अनुसार महिला का शव घर के बेड पर पड़ा मिला। यही नहीं बताया जा रहा है कि मृतका के गले में पहना गया गुलोबंद गायब था, जबकि अन्य ज्वैलरी सुरक्षित मिली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ हैं। पुलिस को घटना की जानकारी रविवार को मिली।

पुलिस के अनुसार, गंगा देवी सांगड़ गांव में रहती थी। उनके पति मोहन सिंह लमगड़ा में रेस्टोरेंट चलाते हैं और अक्सर वही रहते हैं। शनिवार 15 नवंबर की सुबह पड़ोसियों ने देखा कि महिला काफी समय तक नहीं उठी। उनके घर के दरवाजे खुले थे और जब लोगों ने अंदर जाकर देखा कि महिला बेड पर पड़ी हुई थी। पड़ोसियों ने तुरंत मोहन सिंह को सूचित किया। इसके बाद मृतका का बेटा भी घर पहुंचा।

सूचना के बाद लमगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देवेंद्र पींचा और सीओ गोपाल दत्त जोशी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि शव में गले के निशान मिले हैं। परिजन इसे हत्या करार दे रहे हैं। हालांकि, थाना प्रभारी प्रमोद पाठक ने कहा कि फिलहाल परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर एंगल से संदिग्ध मौत के करनी की जांच कर रही है।खबर लिखे जाने तक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भिजवाया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी

   

सम्बंधित खबर