वन नागा रेजीमेंट के सैनिक का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
- Admin Admin
- Feb 19, 2025

हल्द्वानी, 19 फ़रवरी (हि.स.)। हल्द्वानी के तीनपानी में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले वन नागा रेजीमेंट के सैनिक का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। कौसानी सिग्नल कोर से आए जवानों ने सैनिक को अंतिम सलामी दी। लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।
सड़क हादसे के मृतक जवान संजीव कुमार चाैबे का शव बुधवार की सुबह उनके बिलौना स्थित आवास पर पहुंचाया गया। परिजनों के अंतिम दर्शन के बाद उनके आवास से जवान की अंतिम यात्रा शुरू हुई। सरयू-गोमती स्थित श्मशान घाट पर मृतक के दादा माधवानंद चाैबे और उनके भाई दामोदर चाैबे ने चिता को मुखाग्नि दी। सिग्नल कोर के जवानों के अंतिम सलामी देने के बाद तहसीलदार रितु गोस्वामी, पूर्व सैनिक संगठन और सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित किया। मृतक जवान 30 दिन की कैजुवल लीव पूरी करके वापस ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा था।
इधर, सड़क हादसे के दूसरे मृतक व्यापारी गौरव जोशी का शव भी सुबह सैंज स्थित आवास पर लाया गया। सरयू-गोमती संगम पर स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। चाचा रमेश चंद्र जोशी ने चिता को मुखाग्नि दी। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, राजेंद्र टगड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, पूर्व सैनिक संगठन के सचिव रमेश भंडारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता