डानकुनी हत्या मामले में एक गिरफ्तार, मृतक के ससुरालवालों पर युवक की हत्या करवाने का आरोप

हुगली, 8 फ़रवरी (हि.स.)।

डानकुनी में शुक्रवार शाम हुई बंटी साव की हत्या मामले मामले में पुलिस ने बंटी की पत्नी के बहनोई को गिरफ्तार किया है। मृतक बंटी साव के परिजनों का आरोप है कि हत्या के पीछे ससुराल वालों का हाथ है। उन्होंने बंटी के ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। यह आरोप बंटी और उसकी पत्नी के बीच तलाक के मामले और ससुराल वालों के साथ चल रहे विवादों के संदर्भ में देखा जा रहा है। चंदननगर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो मृतक की पत्नी का बहनोई है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम बंटी की हत्या गोली मारकर की गई थी, जिसमें उसके सीने के बायीं ओर गोली लगी थी। यह घटना शुक्रवार शाम को ग्रैंड सिटी रेजीडेंस के पास हुई थी। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि दो लोग बाइक पर आए थे। पुलिस जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या हत्या वास्तव में पति-पत्नी के बिगड़ते रिश्ते का नतीजा है और कौन से अन्य व्यक्ति इसमें शामिल हो सकते हैं।

इस मामले में अभी जांच चल रही है और पूरी स्थिति स्पष्ट होने में समय लग सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर