मुंबई, 7 सितंबर (हि.स.)। मुंबई में गणेश प्रतिमा के
विसर्जन का समारोह बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। हालांकि कुर्ला के साकीनाका
इलाके में विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान बिजली का झटका लगने के कारण बड़ी घटना
घटी। इससे इलाका शोक में डूब गया। इस घटना में एक गणेश भक्त की मौत हो गई, जबकि एक
6 वर्षीय बच्चे सहित पांच लोग घायल हो गए।
साकीनाका पुलिस स्टेशन के हवाले से बीएमसी से मिली जानकारी
के अनुसार रविवार को सुबह 10.45 बजे खैरानी रोड के कचरा गली स्थित गजानन मित्र
मंडल की गणेश मूर्ति की शोभायात्रा निकली थी। जब शोभायात्रा साकीनाका स्टेशन के
खैरानी रोड स्थित सम्मान होटल के पास पहुंची, तो गणपति ट्रॉली
से तार उठाते समय छह लोगों को बिजली का झटका लगा। स्थानीय लोगों ने पांच लोगों को
नजदीकी पैरामाउंट अस्पताल भर्ती कराया। जबकि एक व्यक्ति को अंधेरी पूर्व के सेवन
हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक का नाम बीनू
सुकुमारन कुमारन (37) बताया जा रहा है।
पैरामाउंट अस्पताल में शंभू कामत (20), तुषार
गुप्ता (20), धर्मराज गुप्ता (49), करण कनौजिया(14) और अनुष गुप्ता (6) का इलाज चल
रहा है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार



