नवादा में सनसनी: आहर से मिला क्षत-विक्षत शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
- DSS Admin
- May 17, 2026
नवादा,17 मई (हि.स.)।नवादा जिले के हिसुआ नगर क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गया-राजगीर फुलवरिया गांव बाईपास रोड स्थित एक आहर से अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कई दिन पहले हुई होगी। स्थानीय लोगों ने आहर में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव की स्थिति काफी खराब थी और उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों से हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है ताकि शव की पहचान कराई जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि अपराधियों ने किसी दूसरी जगह हत्या करने के बाद शव को आहर में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें और पहचान में कठिनाई हो। शव की स्थिति देखकर यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि उसे काफी समय पहले पानी में डाला गया होगा।
---------------

