जन शिकायतों के निस्तारण में मौदहा तहसील प्रदेश में अव्वल
- DSS Admin
- May 08, 2026
हमीरपुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में मौदहा तहसील ने प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की अप्रैल 2026 की रैंकिंग में तहसील मौदहा ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर प्रदेश की करीब 351 तहसीलों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
तहसील प्रशासन के अनुसार लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। फरवरी माह में तहसील को 96 अंक मिले थे, जबकि मार्च में यह बढ़कर 98 हो गए। अप्रैल में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर तहसील ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अप्रैल माह में तहसील स्तर पर कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें अधिकांश शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष जताया। सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया गया और कोई भी मामला डिफॉल्ट श्रेणी में नहीं पहुंचा।
उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने बताया कि आईजीआरएस रैंकिंग शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई, शिकायतकर्ता की संतुष्टि, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और नियमित मॉनिटरिंग जैसे मानकों पर आधारित होती है। प्रत्येक शिकायत को एक दिन के भीतर संबंधित अधिकारी को मार्क कर कार्रवाई सुनिश्चित की गई। साथ ही शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर फीडबैक भी लिया गया, जिससे निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार हुआ।
तहसीलदार शेखर मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि शिकायत प्राप्त होते ही उसे पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित लेखपाल को जांच के लिए भेज दिया जाता है। यदि रिपोर्ट संतोषजनक नहीं होती तो पुनः जांच कराई जाती है। कई मामलों में आवेदन और वास्तविक स्थिति में अंतर पाया जाता है, इसलिए मौके पर जाकर सत्यापन के बाद ही कार्रवाई की जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

