यमुनानगर: एक देश एक चुनाव लोकतंत्र को ओर करेगा मजबूत: सुमन बहमनी
- Admin Admin
- May 09, 2025

यमुनानगर, 9 मई (हि.स.)। एक देश, एक चुनाव के समर्थन में को महापौर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में कन्हैया साहिब चौक स्थित निगम कार्यालय में पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा नेता नेपाल राणा पहुंचे। बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से एक देश, एक चुनाव के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए और उसे पारित किया। यह प्रस्ताव अब राष्ट्रपति महोदय को भेजा जाएगा।
शुक्रवार को महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम इस राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ है। हम सभी पार्षद लोकतंत्र की मजबूती के लिए एकजुट हैं और इस प्रस्ताव का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि एक देश एक चुनाव भारत के लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बार-बार चुनाव कराने से देश में न केवल आर्थिक संसाधनों की बर्बादी होती है, बल्कि प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यदि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाएं तो इससे समय, धन और ऊर्जा की बचत हो सकती है। एक साथ चुनाव कराने से मतदाताओं के लिए सुविधा और आसानी होगी। साथ ही मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। एक साथ सभी चुनाव होने से आर्थिक स्थिरता और विकास में वृद्धि होगी।
बैठक में भाजपा नेता नेपाल राणा ने कहा कि एक देश, एक चुनाव व्यवस्था देश के संसाधनों की बचत के साथ-साथ प्रशासनिक स्थिरता और विकास की गति को भी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि वाला ऐतिहासिक कदम बताते हुए सभी जनप्रतिनिधियों का इस पर समर्थन देने पर आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग