भूमि विवाद के दौरान गोलीबारी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
- Admin Admin
- Feb 03, 2025
जम्मू 03 फरवरी (हि.स.)। सोमवार को जम्मू के बाहरी इलाके में भूमि विवाद के दौरान गोलीबारी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई दोमाना पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत लाले दा बाग इलाके में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की। पुलिस ने बताया कि शनिवार को रेखा देवी और भूमि के पूर्व मालिक बृज भूषण सिंह जामवाल के भाई बृज राज सिंह के बीच 21.5 मरला भूमि को लेकर विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि टकराव के दौरान बृज राज सिंह ने तीन गोलियां चलाईं, हालांकि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बृज राज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है जबकि दो अन्य को जल्द ही गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता