डेयरी के कमरे से चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट का सट्टा

जयपुर, 23 मई (हि.स.)। आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए जयपुर कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम (सीएसटी) और करधनी थाना पुलिस ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई कर एक बड़े सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने गोकुलपुरा इलाके में डेयरी के पीछे बने कमरे में दबिश देकर एक बुकी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन सट्टा एप्स के जरिए आईपीएल मैच पर दांव लगवा रहा था।

पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि करधनी थाना इलाके में तेजाजी मंदिर के पीछे स्थित एक डेयरी के कमरे में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सीएसटी और करधनी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी दुलीचंद सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चल रहे आईपीएल टी-20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाता मिला। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन सट्टा एप्स के जरिए लोगों से दांव लगवा रहा था। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ा। वहीं कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टेबाजी में उपयोग किए जा रहे तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 2 लाख 6 हजार 100 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित तरीके से लोगों को ऑनलाइन सट्टे के जाल में फंसा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय दुलीचंद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नांगल चेचिका गांव का निवासी है और वर्तमान में गोकुलपुरा स्थित उमा विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह सट्टे की लाइन किस मुख्य बुकी या वेबसाइट से ले रहा था। साथ ही उसके अन्य सहयोगियों, नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। पुलिस को इस मामले में जल्द और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

---------------

   

सम्बंधित खबर