रेलवे बैंक के शेयर होल्डरों का सात फीसदी लाभांश की घोषणा

जोधपुर, 13 मई (हि.स.)। रेलवे एम्पलॉइज को-ऑपरेटिव बैंकिंग सोसाइटी लिमिटेड जोधपुर की 106वीं वार्षिक साधारण सभा बुधवार को बैंक के चेयरमैन कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार परिहार ने बताया कि साधारण सभा में वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए बैंक का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया जिसे सभी डेलीगेटों ने सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसमें बताया कि बैंक 374 करोड 17 लाख रुपए की कार्यशील पूंजी के साथ काम करते हुए अपना व्यापार कर रहा है। बैंक द्वारा अपने अंशधारियों को 252 करोड़ 56 लाख का ऋण दिया जा चुका है।

बैंक में अंशधारियों की 25 करोड़ 97 लाख की अंश पूंजी मौजूद है। इस बैंक में आम नागरिकों की 306 करोड़ 19 लाख की जमाएं मौजूद हैं। साधारण सभा द्वारा बैंक को वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 3 करोड़ 34 लाख रुपए के शुद्ध लाभ होने की वजह से अंशधारियों के लिए वर्ष 2025-26 हेतु 7 प्रतिशत की दर से 1 करोड़ 82 लाख रुपए का लाभांश वितरित करने की घोषणा कर अनुमोदन प्रदान किया।

अंशधारियों को अधिकतम 30 लाख रुपए तक का सामान्य ऋण एवं 5 लाख रुपए तक का आपातकालीन ऋण न्यूनतम ब्याज दर में दिया जा रहा है। वार्षिक साधारण सभा में डेलीगेट मदनलाल गुर्जर, महेन्द्र सिंह, गजेन्द्र सिंह, महेश उपाध्याय, रणजीत सिंह, अंजुमन पठान द्वारा रखे गये प्रस्तावों को उपस्थित डेलीगेटों द्वारा अनुमोदन करते हुए सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभा में बैंक के वाइस चेयरमैन अशोक सिंह सहित बैंक के संचालक मण्डल सदस्य, डेलीगेट्स उपस्थित थे।

   

सम्बंधित खबर