नए पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
जयपुर, 03 जून (हि.स.)। राजस्थान में बुधवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से प्रदेश में फिर मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट तथा 5 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में तेज अंधड़ के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। नए सिस्टम का असर 6 जून तक बना रह सकता है। इस दौरान तापमान में गिरावट रहने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
बीते 24 घंटे में प्रदेशभर में मौसम सामान्य रहा। अधिकांश जिलों में तेज धूप निकली, लेकिन तापमान नियंत्रण में रहा। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, फलोदी और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बुधवार से बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले दो दिन कहीं-कहीं तेज अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार बदल रहे मौसम का असर भी दिखाई दे रहा है। अलवर में मंगलवार को भी तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं जालोर के कई गांवों में आंधी और बारिश से बिजली के पोल गिर गए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में नुकसान हुआ। दूसरी ओर जैसलमेर में मंगलवार रात रेतीला तूफान देखने को मिला।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी दिनों में प्रदेश में गर्मी का असर कम रहेगा और लोगों को लू से राहत मिलती रहेगी।
---------------

