अवैध मलबा और रेता-बजरी हटाने की मांग को लेकर कार्रवाई की मांग
- DSS Admin
- May 19, 2026
नैनीताल, 19 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्री राम सेवा दल एवं बजरंग वाहिनी दल के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नैनीताल-कालाढूंगी राष्ट्रीय राजमार्ग एवं नगर क्षेत्र में सड़कों के किनारे अवैध रूप से डाले गए मलबे, रेता-बजरी और पत्थरों को हटाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी के उपलब्ध नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी से भेंट कर समस्या से अवगत कराया। उपजिलाधिकारी ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि नैनीताल से दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग तथा नगर के विभिन्न मार्गों पर व्यक्ति विशेष के द्वारा निर्माण सामग्री लंबे समय से सड़क किनारे डाली जा रही है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ज्ञापन में कहा गया कि बिखरी बजरी के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसल रहे हैं तथा सामग्री के आसपास बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत भी नहीं लगाए गए हैं। संगठनों ने इसे सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बताते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत कार्रवाई तथा आर्थिक दंड लगाने की मांग की। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि खुले में पड़ी रेत और मलबे से प्रदूषण फैल रहा है तथा राहगीरों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में विवेक वर्मा, कुंदन तिलाया, अनुज सक्सेना, अमित साह, विनोद सिंह और नवीन भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
नैनीताल में सड़कों पर पड़े मलबे और रेता-बजरी हटाने की मांग
नैनीताल। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया ने भी नैनीताल शहर के विभिन्न मार्गों पर पड़े मलबे, रेता-बजरी और गाद को हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि नगर के कई हिस्सों में लोग निर्माण कार्यों का मलबा और सामग्री सड़कों के किनारे एकत्रित कर रहे हैं, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर के मुख्य मार्गों और गलियों में जगह-जगह निर्माण सामग्री एवं मलबा जमा होने से यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। इस संबंध में पूर्व में पालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। दयाकिशन पोखरिया ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से मलबा तथा रेता-बजरी हटाने की कार्रवाई कराने की मांग की है।

