मंदसौर : तेज रफ्तार कार की टक्कर से नाले में गिरा बैल, चालक वाहन समेत फरार
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
मंदसौर, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर के अभिनंदन क्षेत्र स्थित गीता भवन रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बैल सड़क किनारे बने नाले में गिरकर फंस गया, जबकि कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार बैल को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, महावीर कॉलोनी गली नंबर-2 के बाहर कार ने तेज गति से आते हुए बैल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैल उछलकर नाले में जा गिरा और वहीं फंस गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी देर की मशक्कत और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बैल को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जांच में उसके पैर में गंभीर चोट पाई गई, जिसके बाद उसका उपचार कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद उसने रुककर घायल पशु की मदद करने के बजाय मौके से फरार होना उचित समझा। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

