सूरजपुर : विद्यालय खुलते ही शुरू हुआ पालक-बालक संपर्क अभियान

सूरजपुर, 17 जून (हि.स.)। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही बुधवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी अवधेश साहू के मार्गदर्शन में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली द्वारा पालक-बालक संपर्क अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के तहत विद्यालय के शिक्षकों ने दो समूहों में गांव के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर पालकों से संपर्क किया और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।

संपर्क अभियान में शिक्षिका अनिता सिंह, अंजली कंवर तथा शिक्षक योगेश साहू और रघुनाथ जायसवाल शामिल रहे। शिक्षकों ने घर-घर पहुंचकर पालकों को विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी।

शिक्षक योगेश साहू ने पालकों को बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय सुविधा, खेल सामग्री तथा व्यावसायिक शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही अनुभवी शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य कराया जाता है, जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

शिक्षकों ने पालकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को सत्र के प्रथम दिवस से ही नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और वे शैक्षणिक गतिविधियों का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें।

संपर्क अभियान के दौरान कई पालकों ने विद्यालय एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को शिक्षकों के समक्ष रखा। शिक्षकों ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

विद्यालय परिवार ने कहा कि पालकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय से बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा विद्यार्थियों का शैक्षणिक, सामाजिक और नैतिक विकास और अधिक सुदृढ़ बन सकेगा।

   

सम्बंधित खबर