खड़गपुर में पीआईबी की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला, ग्रामीण विकास और सरकारी योजनाओं पर जोर
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
खड़गपुर, 15 जून (हि. स.)। प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी), कोलकाता ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में ‘वार्तालाप’ नामक मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में विकास और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों ने ग्रामीण विकास, कृषि, रोजगार, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के जिला विकास प्रबंधक आकाश शर्मा और पंजाब नेशनल बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कंचन कांति दास ने किसानों, ग्रामीण समुदायों और कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
आकाश शर्मा ने बताया कि नाबार्ड जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास निधि के तहत लगभग चार प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर विकास परियोजनाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि खड़गपुर क्षेत्र में नाबार्ड की मदद से करीब 407 विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। साथ ही ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सु-स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने का कार्य भी किया जा रहा है।
आकाश शर्मा ने कहा कि नाबार्ड टिकाऊ खेती और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रहा है। इनमें जल संरक्षण परियोजनाएं, किसान उत्पादक संगठन, जनजातीय समूहों को सहयोग, सहकारी समितियों का डिजिटलीकरण और सामुदायिक विकास कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक संगठनों को मजबूत करने से किसानों को बाजार में बेहतर कीमत मिलेगी और उनकी आय बढ़ेगी। साथ ही कृषि क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण व्यापार प्रोत्साहन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
वहीं, पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी कंचन कांति दास ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र गांव-गांव तक वित्तीय सेवाएं और सामाजिक सुरक्षा योजनाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना आम नागरिकों, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को कम लागत में बीमा और पेंशन सुरक्षा दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं का सही लाभ दिलाने के लिए वित्तीय साक्षरता बहुत जरूरी है।
कार्यशाला के अंत में इस बात पर जोर दिया गया कि वित्तीय संस्थाएं, विकास एजेंसियां और स्थानीय समुदाय आपसी समन्वय से काम करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।
---------------

