मानसिक तनाव में गल्ला व्यवसायी ने खाया विषाक्त पदार्थ, उपचार के दौरान मौत
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के हसरा गांव निवासी एक गल्ला व्यवसायी की विषाक्त पदार्थ के सेवन के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
हसरा गांव निवासी 50 वर्षीय रामकुमार गुप्ता सुगापाख कस्बे में किराना की दुकान चलाते थे। इसके साथ ही वह कलवारी क्षेत्र में रहकर गल्ला खरीद-बिक्री का कारोबार भी करते थे। बुधवार देर रात उन्होंने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान गुरुवार तड़के उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, रामकुमार पिछले काफी समय से आर्थिक और पारिवारिक समस्याओं से परेशान थे। बताया गया कि दो वर्ष पूर्व किसानों से खरीदी गई फसल एक व्यापारी को बेचने के बाद भी करीब 20 लाख रुपये का भुगतान नहीं मिला था। इसके अलावा पुत्री के वैवाहिक जीवन से जुड़ी परेशानियों के कारण भी वह मानसिक तनाव में थे। थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मामले में अभी तक परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------

