प्रधानमंत्री ने यूरोपीय नेताओं से की मुलाकात, एफटीए को शीघ्र अपनाने पर दिया जोर
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान यूरोपियन परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपियन आयोग की अध्यक्षा उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते पर जल्द से जल्द हस्ताक्षर करने और उसे लागू करने पर जोर दिया। उनका मानना रहा कि इससे व्यापार और निवेश के लिए बड़े अवसर खुलेंगे और सप्लाई चेन में विविधता लाने में मदद मिलेगी। मौजूदा अस्थिर भू-राजनीतिक माहौल में यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार नेताओं ने जनवरी 2026 में मंज़ूर किए गए संयुक्त भारत-ईयू व्यापक रणनीतिक एजेंडा पर हुई प्रगति पर चर्चा की और इस बात पर सहमति जताई कि इससे भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी तथा दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद और परिवर्तनकारी परिणाम सामने आएंगे।
आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करते हुए नेताओं ने पश्चिम एशिया में हुए घटनाक्रमों का स्वागत किया। उन्होंने शांति और स्थिरता, समृद्धि तथा सतत विकास में योगदान देने वाली एक मजबूत बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था बनाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।
उल्लेखनीय है कि दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र और खुले बाजार वाली अर्थव्यवस्थाओं तथा विविधतापूर्ण समाज के तौर पर भारत और ईयू के बीच भरोसे, साझा मूल्यों और भविष्य के लिए एक समान दृष्टिकोण पर आधारित संबंध हैं।
नेताओं ने जनवरी 2026 में भारत में आयोजित 16वें भारत-ईयू समिट के बाद से भारत-यूरोपीय संघ के द्विपक्षीय संबंधों में हुई उल्लेखनीय प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत के हालिया समापन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
---------

