पथ विक्रेताओं को व्यवसाय हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है पीएम स्वनिधि योजना - महापौर

कोरबा, 17 जून (हि.स.)।महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आज कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सड़क व फुटपाथ पर एवं गली-मोहल्ले में फेरी लगाकर व्यवसाय करने वाले शहरी पथ विक्रेताओं, लघु व्यवसायियों को उनके व्यवसाय हेतु सुगम रूप से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा भी सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं को उनके व्यवसाय हेतु सुविधायुक्त एवं स्थाई स्थल उपलब्ध कराने के लिये वेंडिंग जोन बनाये गये हैं।

उक्त बातें महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आज पीएम स्वनिधि महोत्सव व लोक कल्याण मेला के आयोजन के दौरान कही। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन व नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन इस पूरे जून माह में किया जा रहा है तथा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जोन कार्यालयो में शिविर आयोजित हो रहे हैं। इस कड़ी में आज निगम के पं.जवाहरलाल नेहरू सभागार में पीएम स्वनिधि महोत्सव व लोक कल्याण मेला का वृहद आयोजन किया गया।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आयोजन को संबोधित करते हुये आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दर्जनों महत्वपूर्ण व जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कराई हैं, उन्ही में से एक महत्वपूर्ण योजना है, पीएम स्वनिधि योजना। जो शहरी पथ विक्रेताओं के लिये वरदान बन चुकी है। इस योजना के तहत इन लघु व्यवसायियों को बड़ी आसानी से कम से कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित स्ट्रीट वेंडर्स लघु व्यवसायियों को संबोधित करते हुये आगे कहा कि कोरबा में ही अनेक ऐसे उदाहरण है कि पूर्व में छोटा-मोटा व्यवसाय करने वाले व्यक्ति आज अपनी मेहनत से बडे़ व प्रतिष्ठित व्यवसायी हो चुके हैं, अतः आप लोग भी प्रधानमंत्री जी की इस योजना का लाभ लें तथा अपने व्यवसाय को बहुत आगे तक ले जाएं, मैं यह कामना करती हूॅं।

इस अवसर पर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मैं बैंकों से आग्रह करता हूूं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महती योजना पीएम स्वनिधि योजना का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिये बैंकर्स पूरी इच्छाशक्ति के साथ कार्य करें।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने इस मौके पर कहा कि यह हम सबके लिये प्रसन्नता का विषय है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन एवं लक्ष्य प्राप्ति में नगर निगम कोरबा प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, वर्ष 2030 तक हमें जो लक्ष्य दिया गया था, उस लक्ष्य का 85 प्रतिशत हम प्राप्त कर चुके हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहरी पथ विक्रेताओं, लघु व्यवसायियों के आर्थिक ढांचे को पीएम स्वनिधि योजना मजबूती प्रदान करती है, इन लघु व्यवसायियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें व्यवसाय संचालन में सक्षम बनाना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।

इस अवसर पर निगम के पूर्व सभापति एवं वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी ने उपस्थित पथ विक्रेताओं, लघु व्यवसायियों को प्रोत्साहित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण राशि का सदुपयोग करते हुये वे अपने व्यवसाय को आगे तक ले जाएं, मैं यह कामना करता हूॅं।

पीएम स्वनिधि महोत्सव व लोक कल्याण मेला के दौरान काफी संख्या में आये शहरी पथ विक्रेताओं व अन्य नागरिकों को प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना आयुष्मान भारत योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

   

सम्बंधित खबर