आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट , डीएम ने एडवाइजरी की जारी
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
महोबा, 10 जून (हि.स.)। महोबा जनपद में मौसम विभाग की ओर से जिले में बारिश, आंधी और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गया है। डीएम गजल भारद्वाज ने बुधवार को आपदा प्रबंधन के मद्देनजर जिलेवासियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए सभी से सुरक्षित रहने की अपील की है।
डीएम गजल भारद्वाज ने कहा है कि मौसम विज्ञान विभाग के द्वारा 11 से 13 जून तक मेघ गर्जन के साथ बारिश, वज्रपात और आंधी तूफान आने की संभावना है, जिसमें 70 से 80 किमी प्रति घंटा की तेजी से आंधी या तूफान की संभावना है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में मौसम खराब होने की प्रबल आशंका है, इसलिए सभी नागरिक पूरी तरह सतर्क रहें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन कर सहयोग करें। मौसम की आपात स्थिति को देखते हुए लोग घरों में रहें। यदि घर से बाहर निकले तो छिपने के लिए सुरक्षित स्थान के रूप में पक्के मकान का ही प्रयोग करें। आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और जर्जर भवनों के पास बिल्कुल न खड़े हों। निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों की ओर जाने से पूरी तरह बचें। इसके साथ ही डीएम ने कहा कि पशुओं को चरही के लिए न छोड़ें, क्योंकि पशु भी स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए पेड़ों के नीचे छिपते हैं जोकि बिलकुल भी सुरक्षित नहीं है।

