सरकार ने पीएम‑वानी में किए सुधार, लैपटॉप के लिए क्यूआर लॉगिन,मानकीकृत हॉटस्पॉट होंगे लागू
- DSS Admin
- May 26, 2026
नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री वाई‑फाई एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस (पीएम‑वानी) ढांचे में बदलाव करते हुए लैपटॉप और अन्य उपकरणों के लिए क्यूआर आधारित लॉगिन, 15, 30 और 60 मिनट की लचीली अल्पकालिक योजनाएं तथा पीएम‑वानी हॉटस्पॉट नामों का मानकीकरण शामिल किया है।
संचार मंत्रालय ने 22 मई को जारी परिपत्रों के माध्यम से इन सुधारों को लागू किया है। सभी हितधारकों को आठ सप्ताह के भीतर संशोधित दिशा‑निर्देश लागू करने के लिए कहा गया है ताकि जुलाई तक नए नागरिक‑हितैषी फीचर पूरे पारिस्थितिकी तंत्र में सक्रिय हो जाएं।
मंत्रालय ने बताया कि इसका उद्देश्य पहुंच, अंतःक्रियाशीलता, उपयोग में सरलता और नागरिक अपनाने को बढ़ाना है। संचार और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों और हितधारकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठकें कीं ताकि कार्यान्वयन तेज हो और उपयोगकर्ता अनुभव बेहतर हो।
डॉ. पेम्मासानी ने कहा कि पीएम‑वानी सार्वभौमिक सार्वजनिक वाई‑फाई पहुंच का हमारा मंच है और हम इसे और आसान बना रहे हैं। अब क्यूआर आधारित लॉगिन से लैपटॉप को केवल मोबाइल पर कोड स्कैन करके जोड़ा जा सकता है। हॉटस्पॉट संचालकों को 15, 30 और 60 मिनट की अल्पकालिक एक्सेस देने की सलाह दी गई है ताकि उन उपयोगकर्ताओं को सुविधा मिले जिन्हें थोड़े समय के लिए इंटरनेट चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सार्वजनिक वाई‑फाई एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपयोगिता के रूप में उभर रहा है जो छात्रों, यात्रियों, दैनिक आवागमन करने वालों, पेशेवरों और छोटे व्यवसायों को सहयोग प्रदान करता है।
-------------

