रायगढ़ पुलिस ने क्रिकेट सट्टा मामले के फरार खाईवाल रामफल अग्रवाल को किया गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 23, 2026
रायगढ़, 23 मई (हि.स.)। जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में फरार सट्टा खाईवाल रामफल अग्रवाल निवासी ग्राम गेरवानी को आज शनिवार काे गिरफ्तार किया गया है।
11 मई को थाना पूंजीपथरा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते आरोपित श्याम कुमार अग्रवाल एवं सुरेश अग्रवाल को रंगे हाथ पकड़ा गया था।
पूछताछ में दोनों आरोपिताें ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया था। पुलिस ने आरोपित श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन एवं 17,000 नगद तथा आरोपित सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं 1,400 नगद जब्त किया था। पूछताछ में आरोपिताें ने बताया था कि सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल को नगद एवं डिजिटल माध्यम से पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम को देखकर रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया था । थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में आरोपित की लगातार तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपित श्याम कुमार अग्रवाल एवं सुरेश अग्रवाल के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में अपराध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई कर उन्हें रिमांड पर भेजा गया था। वहीं फरार आरोपित रामफल अग्रवाल (उम्र 46 वर्ष) निवासी गेरवानी थाना पूंजीपथरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
---------------

