नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब में छापेमारी करके चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक जिगाना समेत दो पिस्टल, 9 कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें से तीन को पंजाब और एक को दिल्ली से पकड़ा गया, जो दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने गुरुवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि गिरफ्तार आतंकियों की पहचान शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23), गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि (22), साजन सिंह उर्फ हनी (28) और गरनप्रीत (24) के रूप में हुई है।गिरफ्तार सभी आतंकी पंजाब के रहने वाले हैं और आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में थे। गगनप्रीत के मोबाइल से पुलिस को कई धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों के अलावा पुलिस के कई दूसरे भवनों की वीडियो मिली है। गगनप्रीत दिल्ली में रहकर लगातार रेकी के वीडियो बनाकर अपने आकाओं को भेज रहा था। शुभदीप और गुरजंत दोनों सगे भाई हैं।
त्रिपाठी ने बताया कि उनकी टीम को जानकारी मिली कि पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। सोशल मीडिया के जरिए पंजाब के कुछ युवाओं को लालच देकर भर्ती किया जा रहा है। इस बीच टीम को शुभदीप सिंह उर्फ विशाल का पता चला। एक टीम को फौरन अमृतसर भेजा गया। टीम ने मजीठा रोड अमृतसर से शुभदीप को गिरफ्तार किया। शुभदीप के पास से एक .30 बोर की पिस्टल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान शुभदीप ने बताया कि वह शहजाद भट्टी के जरिए पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार एवं ड्रग्स प्राप्त कर रहा था। शुभदीप से पूछताछ के बाद टीम ने गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को पंजाब से पकड़ लिया। इनके पास से एक जिगाना पिस्टल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए।
तीनों से पूछताछ हुई तो दिल्ली में मौजूद एक अन्य साथी गगनप्रीत का नाम सामने आया। टीम ने दिल्ली में छापेमारी कर गगनप्रीत को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गगनप्रीत के मोबाइल से ही रेकी के कई वीडियो और दूसरी जानकारी मिली। पुलिस चारों से लगातार पूछताछ कर रही है।
------------

