सारण में जिलाधिकारी और एसएसपी ने अधिकारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ
- DSS Admin
- Jul 02, 2026

सारण, 02 जुलाई (हि.स.)। बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस के अवसर पर आज जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुशासन तथा सत्यनिष्ठा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समाहरणालय सभा-कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों और समाहरणालय कर्मियों को पद और गोपनीयता के साथ भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने शासन-प्रशासन में पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को संदेश देते हुए कहा कि सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें तथा हर हाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इस दौरान उपस्थित कर्मियों को नैतिक मूल्यों का पालन करने और सुशासन को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस विशेष अवसर पर सारण पुलिस ने आम जनता से भी एक अपील जारी की है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे भ्रष्टाचार के विरुद्ध स्वयं सजग और जागरूक बनें। एक पारदर्शी, उत्तरदायी और जन-हितैषी व्यवस्था की स्थापना में पुलिस-प्रशासन को अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने दोहराया कि सारण पुलिस और जिला प्रशासन आमजन की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है
---------------

