रायगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की कोतवाली पुलिस ने ढिमरापुर रोड पर हुई लूट की वारदात खुलासा करते हुए दो आदतन बदमाशों को आज बुधवार काे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिताें ने राह चलते युवक से मारपीट कर 15,200 लूट लिए थे। गिरफ्तार आरोपिताें में एक बदमाश महज तीन दिन पहले जेल से छूटकर बाहर आया था, लेकिन बाहर आते ही फिर लूट की वारदात को अंजाम दे बैठा।
पीड़ित त्रिनाथ सामल (31 वर्ष) निवासी ढिमरापुर ने 30 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह जगन्नाथ हरिशचंद्र ज्वेलर्स में सेल्समैन है। 29 जून को कार्यालयीन कार्य से रायपुर गया था। देर रात बस से रायगढ़ लौटने के बाद मालिक के घर सामान पहुंचाकर अपने कमरे की ओर जा रहा था।
रात्रि लगभग 12:30 बजे ढिमरापुर रोड स्थित आदित्य मोटर्स के पास दो युवकों ने उसे रोककर जबरन रुपये मांगने शुरू कर दिए। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट कर जमीन पर गिरा दिया और उसकी जेब में रखे 15,200 लूटकर चैतन्य नगर की ओर भाग निकले। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 346/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल आरोपिताें की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनमें एक काले रंग की शर्ट तथा दूसरा मटमैले रंग की शर्ट पहने हुए था।
फुटेज के आधार पर बापूनगर एवं रामभाठा क्षेत्र में पहचान कराई गई। इसी दौरान ह्यूमन इंटेलिजेंस से दोनों की पहचान नीरज टोप्पो एवं शैलेष मिंज निवासी रामभाठा, जवाहर नगर के रूप में हुई। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर दोनों आरोपिताें को रामभाठा मुक्तिधाम के पास से हिरासत में लिया।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराई गई पहचान परेड में पीड़ित ने दोनों आरोपिताें की पहचान की। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि लूटे गए रुपये लेकर वे झारसुगुड़ा (ओडिशा) घूमने चले गए थे और अधिकांश रकम खर्च कर चुके हैं। आरोपिताें के कब्जे से 700 रुपये बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित आदतन आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। आरोपित नीरज टोप्पो के विरुद्ध थाना कोतवाली में दो चोरी एवं एक लूट का मामला पहले से दर्ज है, जबकि शैलेष मिंज के विरुद्ध एक चोरी एवं एक मारपीट का प्रकरण दर्ज है। इनमें से एक आरोपित घटना से सिर्फ तीन दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था, लेकिन जेल से बाहर आते ही पुनः अपराध की राह पकड़ ली।
दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, पीएसआई प्रिया साहू, एएसआई कोसो सिंह, आरक्षक उत्तम सारथी एवं आरक्षक कोमल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

