मसूरी में बारिश का कहर, हाथीपांव रोड पर भूस्खलन; मलबे में फंसा वाहन, चालक सुरक्षित

मसूरी, 01 जुलाई (हि.स.)। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को हाथीपांव रोड स्थित माइंस क्षेत्र के पास भूस्खलन होने से पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा मुख्य सड़क पर आ गिरा। मलबे की चपेट में एक वाहन आ गया, लेकिन चालक सुरक्षित बच निकला। घटना के बाद मार्ग पर कई घंटे तक यातायात बाधित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से हो रही बारिश के कारण पहाड़ी लगातार दरक रही थी। इसी दौरान तेज आवाज के साथ पहाड़ का बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा, जिससे भारी मात्रा में चट्टानें और मलबा सड़क पर फैल गया। घटना के समय मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोक दिया गया। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को प्रभावित क्षेत्र से दूर रखा गया।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और सड़क पर फैले मलबे तथा चट्टानों को हटाने का अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया और वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।

लगातार हो रही बारिश के कारण मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं में वृद्धि हुई है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

----

   

सम्बंधित खबर