आईटीआई परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने लगाया लापता प्रिंसिपल का पोस्टर, प्राचार्या ने की पुलिस से शिकायत
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
बहराइच, 07 जुलाई (हि.स.)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने लापता प्रिंसिपल का पोस्टर लगा दिया,जिससे विद्यालय परिसर में हड़कम्प मच गया।
विद्यार्थी परिषद के आदर्श शुक्ला ने मंगलवार काे बताया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता उसके अनुशासन, नेतृत्व और नियमित प्रशासन पर निर्भर करती है। यदि संस्थान में प्रशासनिक नेतृत्व प्रभावी न हो या नियमित रूप से उपलब्ध न हो, तो इसका सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रशिक्षण, अनुशासन और भविष्य पर पड़ता है।
आईटीआई केवल एक डिग्री या प्रमाणपत्र देने वाला संस्थान नहीं है। यहाँ से प्रशिक्षित विद्यार्थी उद्योग, स्वरोजगार और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यदि विद्यार्थियों की समस्याओं का समय पर समाधान न हो, प्रशिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो या प्रशासनिक निर्णय लंबित रहें, तो सबसे अधिक नुकसान विद्यार्थियों का होता है।
जिला संयोजक आशुतोष मिश्रा ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, नियमित प्रशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले। हर विद्यार्थी का अधिकार है कि उसे समय पर मार्गदर्शन, आवश्यक सुविधाएँ और उत्तरदायी प्रशासन प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि संस्थान की प्राचार्या विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लें, संस्थान में नियमित एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करें और तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इस सम्बन्ध में संस्थान की प्राचार्या स्मृति शर्मा ने बताया कि यह सभी आराेप फर्जी हैं। इस सम्बन्ध में उन्होंने पुलिस में शिकायत कर दी है। जिस समय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता वहां आये थे मैं संस्थान में ही मौजूद थी।
इस मौके पर जिला संगठन मंत्री आकाश पांडे, नगर मंत्री हर्षित जायसवाल, सुवेश शर्मा, घनश्याम यादव ,कौस्तुक शर्मा, अमन अवस्थी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

