कार्यकर्ता 2027 की विजय का लक्ष्य लेकर बूथ तक संगठन को करें मजबूत : अशोक चौरसिया
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
प्रयागराज, 03 जुलाई (हि.स.)। कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में विजय का लक्ष्य लेकर अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है और संगठन की नीतियों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर काशी क्षेत्र में एक बार फिर कमल खिलाने का संकल्प लेना होगा। यह बातें शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा प्रयागराज महानगर, गंगापार और यमुनापार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनीतिक संगठन है, जहां बूथ स्तर का कार्यकर्ता अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक जिम्मेदारी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 1989 में बूथ अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जीवन की शुरुआत की थी और आज संगठन ने उन्हें काशी क्षेत्र के अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है, जो कार्यकर्ता आधारित संगठन की कार्यसंस्कृति का प्रमाण है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करें तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।
अशोक चौरसिया का प्रथम नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने 06 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज आगमन की तैयारियों की भी समीक्षा की और कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री यमुना बैंक रोड स्थित प्रेरणा स्थल पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे।
कार्यक्रम में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री संतोष पटेल, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, अमरनाथ यादव, हौसला पाठक, शशि वार्ष्णेय, राजेंद्र मिश्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------

