स्वच्छता अभियान को लेकर बड़ा ऐलान : 1.74 करोड़ की लागत से ड्रेन सफाई
- DSS Admin
- Jun 27, 2026

पश्चिम बर्दवान, 27 जून (हि. स.)। मानसून के पूर्व हाईड्रेन की सफाई का कार्य की शुरुआत राज्य की शहरी विकास एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने उद्घाटन कर किया।
वार्ड संख्या 79 स्थित शांति नगर स्कूल के समक्ष शनिवार को “स्वच्छता से स्वागत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अग्निमित्रा पाल, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, नगर निगम आयुक्त सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और स्वच्छता को अपनाए बिना “सोनार बांग्ला” का सपना पूरा नहीं हो सकता।
उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम और म्युनिसिपल इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से शास्त्री नगर, सुभाष पल्ली, शांति नगर से लेकर रहमत नगर तक बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत करीब 34.11 किलोमीटर ड्रेन की सफाई की जाएगी, जिस पर 1.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्षा शुरू होने से पहले नगर निगम क्षेत्र में सफाई कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने बताया कि शहरी विकास एवं नगर मामलों के विभाग की ओर से “स्वच्छ ऐप” शुरू किया गया है। नागरिक अपने मोबाइल में ऐप डाउनलोड कर कहीं भी कचरा या जलजमाव दिखाई देने पर उसकी तस्वीर अपलोड कर सकते हैं। दावा किया गया कि सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर सफाई दल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगा।
उन्होंने लोगों से घर-घर कचरे का पृथक्करण (सूखा और गीला कचरा अलग-अलग) शुरू करने की अपील की और कहा कि इससे शहर को साफ रखने में काफी मदद मिलेगी।
मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि एक सितंबर से सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। शुरुआती जुर्माना 100 रुपये होगा और नियम उल्लंघन जारी रहने पर राशि बढ़ाई जा सकती है। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और थूकने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
तालाबों में फैली जलकुंभी को हटाकर उसे रिसाइकल कर उपयोगी उत्पाद बनाने की योजना की भी जानकारी दी गई। साथ ही मंदिरों में चढ़ने वाले फूलों की मालाओं से अगरबत्ती निर्माण की योजना शुरू करने की बात कही गई, जिससे 15–20 महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिल सकता है।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी कई घोषणाएं की गईं। मंत्री ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग जोन चिन्हित किए जाएंगे, नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर जुर्माना लगेगा और पार्किंग शुल्क केवल डिजिटल माध्यम से लिया जाएगा। पार्किंग कर्मियों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य करने की भी घोषणा की गई।
अमृत परियोजना के तहत घर-घर जल पहुंचाने का कार्य तेज करने और जिन परिवारों के घरों में शौचालय नहीं है, उन्हें नगर निगम की ओर से शौचालय निर्माण सुविधा देने की घोषणा की गई। बस्ती क्षेत्रों, बाजारों, बस स्टैंड और पर्यटन क्षेत्रों में आधुनिक सामुदायिक एवं महिला शौचालय बनाने की योजना पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल ने रहमतनगर में ड्रेन सफाई कार्य का जायजा लिया।
---------------

