पीडब्ल्यूडी मंत्री की पहली बैठक में आसनसोल शिल्पांचल की सड़कों पर चर्चा
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
कोलकाता, 11 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के नव नियुक्त लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने पदभार संभालने के बाद पहली विभागीय समीक्षा बैठक में ही आसनसोल शिल्पांचल की जर्जर सड़कों की स्थिति को प्रमुखता से उठाया। गुरुवार को नवान्न में आयोजित बैठक में विभागीय अधिकारियों और वरिष्ठ अभियंताओं के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए विभाग में रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।
आगामी मानसून को देखते हुए राज्यभर की सड़कों की स्थिति और मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बारिश के दौरान सड़क पर गड्ढों की वजह से आम लोगों को किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। इसके लिए क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
डॉ. पोद्दार ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुल्टी सहित आसनसोल शिल्पांचल की कई महत्वपूर्ण सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने नियामतपुर से डिसेरगढ़ स्थित छिन्नमस्ता मंदिर जाने वाली सड़क, बराकर रेलवे स्टेशन से बराकर-बेगुनिया-पुरुलिया संपर्क मार्ग, आसनसोल की प्रमुख सड़कों तथा रानीगंज क्षेत्र की खराब सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में चुनावी घोषणा पत्र में शामिल विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से अधिक सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाते हुए विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया।
---------------

