पलवल:जनस्वास्थ्य विभाग का क्लर्क पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jul 01, 2026

पलवल, 01 जुलाई । हरियाणा स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ने बुधवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़ किया। ब्यूरो की टीम ने डिवीजन नंबर-3 में कार्यरत क्लर्क योगराज को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ठेकेदार की पंजीकरण फाइल स्वीकृत कराने के बदले रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने पर ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत लेते ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी योगराज जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के डिवीजन नंबर-3, पलवल में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। उसके खिलाफ हरियाणा स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो, फरीदाबाद थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हरियाणा स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो के अनुसार गांव पातली खुर्द निवासी ठेकेदार कृष्ण कुमार ने हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल (एचईडब्ल्यूपी) पर ठेकेदार के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि पंजीकरण संबंधी फाइल को मंजूरी दिलाने के बदले क्लर्क योगराज ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों के बीच पांच हजार रुपये में सौदा तय हो गया।
इसके बाद ठेकेदार ने हरियाणा स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को पांच हजार रुपये दिए, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।
ब्यूरो अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत की गई। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------

