
पलवल, 07 जुलाई । सीआईए होडल की टीम ने वर्ष 2019 से फरार चल रहे गो-तस्करी के एक मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फारुख निवासी गांव जमालगढ़, जिला नूंह के रूप में हुई है। आरोपी पर गोवंश की खालों की तस्करी का आरोप है।
सीआईए प्रभारी जगमिंदर सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि 22 अगस्त 2019 को पुलिस को सूचना मिली थी कि फारुख अपने एक साथी के साथ आयशर कैंटर में गोवंश की खाल भरकर उत्तर प्रदेश के हापुड़ ले जा रहा है। सूचना के आधार पर सोलाका-पिंगोड रोड पर नाकाबंदी की गई।
पुलिस द्वारा कैंटर को रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन को तेज गति से भगा दिया। पीछा करने पर करीब 400 मीटर आगे चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए और दोनों आरोपी वाहन की खिड़की से कूदकर ज्वार और बाजरे के खेतों का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने कैंटर की तलाशी ली तो भूसे के कट्टों के नीचे छिपाकर रखी गई 250 गोवंश की खालें बरामद हुईं। इस संबंध में सदर थाना पलवल में हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने इस मामले में 30 सितंबर 2019 को सह-आरोपी शमशाद निवासी उटावड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी फारुख लगातार फरार चल रहा था।
सीआईए होडल की टीम ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गो-तस्करी सहित तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------

