अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर बाराबनी बीडीओ कार्यालय में महिलाओं का प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jul 07, 2026
पश्चिम बर्दवान, 07 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना की राशि बैंक खातों में नहीं पहुंचने से नाराज बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगलवार को बाराबनी बीडीओ कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही विभिन्न ग्राम पंचायतों से आई महिलाएं कार्यालय परिसर में एकत्र हो गईं और योजना की राशि शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती करनी पड़ी।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि वे योजना की योग्य लाभार्थी हैं, लेकिन अब तक उनके खातों में राशि नहीं आई है। उनका कहना था कि कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके कारण उन्हें बीडीओ कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
महिलाओं ने आईसीडीएस कर्मियों के माध्यम से होने वाले फॉर्म सत्यापन पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि जिन कर्मियों के खिलाफ पहले से शिकायतें हैं, उन्हीं से सत्यापन कराया जा रहा है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगी। उन्होंने मांग की कि सत्यापन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जाए और योग्य लाभार्थियों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिले।
प्रदर्शन की सूचना पाकर बाराबनी थाना पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को मुख्य प्रवेश द्वार से हटाया। हालांकि शुरुआती दौर में महिलाएं प्रशासन की कोई बात सुनने को तैयार नहीं थीं, जिससे कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।
बाद में ब्लॉक प्रशासन ने माइक के माध्यम से प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि बुधवार से आईसीडीएस कर्मी अपने-अपने केंद्रों पर लाभार्थियों के फॉर्म का सत्यापन करेंगे। सत्यापन की रिपोर्ट बीडीओ कार्यालय में जमा होने के बाद महिलाएं कार्यालय आकर अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगी।
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं शांत हुईं और दोपहर करीब दो बजे धरना समाप्त कर वहां से लौट गईं। इसके बाद बीडीओ कार्यालय परिसर और आसपास का माहौल सामान्य हो गया।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अन्नपूर्णा योजना के फॉर्म सत्यापन और लाभार्थियों के खातों में राशि नहीं पहुंचने को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में असंतोष देखने को मिल रहा है। बाराबनी की यह घटना भी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, जहां लाभार्थियों ने योजना का लाभ शीघ्र दिलाने की मांग को लेकर प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया।
---------------

